शेयर बाजार धरासायी, 7 लाख करोड़ रुपए डूबे

भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट हुई। गिरावट के साथ खुला बाज़ार और सुबह ही सेंसेक्स 1100 प्वाइंट तक टूट गया। दिन में भी हाहाकार मचा रहा और 1625 प्वाइंट की गिरावट के साथ बाज़ार 25742 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 491 प्वाइंट लुढ़ककर 7809 के स्तर तक पहुंच गया। रुपया भी डॉलर के मुकाबले दो साल के न्यूनतम स्टार 66 के पार चला गया।

मार्केट की भारी गिरावट की शुरुआत ने कुछ ही मिनटों में इन्‍वेस्‍टर्स के दो लाख करोड़ रुपए डुबो दिए। बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का मार्केट कैप 100 लाख करोड़ रुपए के स्‍तर से नीचे आ गया है। अब तक इनवेस्टरों को कुल 7 लाख करोड़ रुपए तक का घाटा लग चुका है। भारतीय बाजार में इतनी भारी गिरावट से इनवेस्टरों में हाहाकार मचा हैं। वहीं सरकार इसे क्षणिक गिरावट मान रही है और उम्मीद जता रही है कि इससे जल्दी पार पा लिया जाएगा।

रिजर्व बैंक गवर्नर राजन ने भारतीय इकोनॉमी पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि आरबीआई की शेयर बाजार की रफ्तार पर नजर है। दूसरी इमर्जिंग इकोनॉमी के मुकाबले भारत कहीं बेहतर स्थिति में है। उन्होने कहा कि अनिश्चितताओं से निपटने के लिए देश को अपनी घरेलू स्थिति और मजबूत करनी होगी। आर्थिक सुधारों से देश की ग्रोथ बढ़ाई जा सकती है। देश के पास काफी विदेशी मुद्रा भंडार है। रुपए को संभालने के लिए इसका इस्तेमाल करने में नहीं हिचकिचाएंगे।

शेयर बाजार के विशेषज्ञों के अनुसार गिरावट आगे भी जारी रहती है तो निफ्टी 7500 के स्तर तक भी पहुंच सकता है। अंतरराष्ट्रीय संकेतों को देखते हुए स्टॉक मार्केट में गिरावट का दौर जारी रह सकता है। बीच में हल्की रिकवरी होने की उम्मीद है। मार्किट पंडित फिलहाल निवेशकों को बाजार से दूर रहने का सलाह दे रहें हैं।



अन्य समाचार