मुस्लिम युवक ने उठाया बंद दुर्गा पूजा शुरू करने का बीड़ा

बैरकपुर कोलकाता महानगर से सटे उत्तर 24 परगना जिले के बीजपुर विधानसभा क्षेत्र के हाजीनगर में हिंदू और मुसलमानों के आपसी भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। यहां वर्ष 2003 से बंद दुर्गा पूजा को फिर से शुरू करने का बीड़ा हालीशहर नगरपालिका के वार्ड 21 के पार्षद जिलाउल हक ने उठाया है। इनकी अगुवाई में हाजीनगर के हिंदू और मुसलमानों को मिलाकर पूजा कमेटी का गठन किया गया है, जिनकी देखरेख में 12 वर्षों के बाद दुर्गा पूजा फिर से होने जा रही है। वह भी ऐसी परिस्थिति में जब इसी साल एक घटना को केंद्र में रखकर दो समुदायों के बीच तनातनी के चलते सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ गया था। हालात ऐसे बन गये थे कि कभी भी बड़ी घटना हो सकती थी।

हाजीनगर में रहने वाले जिलाउल ने बताया कि वर्षों पहले इंडियन पेपर पल्प कारखाना प्रबंधन अपने कर्मचारी क्वार्टर परिसर में दुर्गापूजा करवाती थी। इसमें उसके सभी कर्मचारी बढ़- चढ़कर हिस्सा लेते थे। पर समय की मार पड़ी और कारखाना धीरे धीरे घाटे में जाने लगा। एक दिन वह बंद हो गया। स्थायी मजदूर रोजी रोटी की तलाश में दूसरे जगहों पर चले गये और 2003 में दुर्गा पूजा पूरी तरह बंद हो गई। इस बार वहां फिर से दुर्गापूजा हो रही है।



अन्य समाचार