सईद की रैली में अंदराबी के संबोधन से विवाद

श्रीनगर। अतिवादी महिला संगठन दुख्तरान-ए-मिल्लत की प्रमुख आसिया अंदराबी ने पाकिस्तान में रह रहे मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद की अगुवाई वाले गुट जमात उद दावा द्वारा आयोजित एक रैली को संबोधित कर विवाद छेड़ दिया है।

अंदराबी ने 14 अगस्त को लाहौर में आयोजित रैली को फोन पर संबोधित किया और पड़ोसी देश के लोगों को उनके स्वतंत्रता दिवस पर बधाई दी। सईद को अंदराबी के भाषण के दौरान मंच पर बैठे देखा गया।

संबोधन से कुछ घंटे पहले अंदराबी ने अपने आवास पर पाकिस्तान का स्वतंत्रता दिवस मनाया था। दुख्तरान-ए-मिल्लत के दर्जनों कार्यकर्ता शहर के बचपुरा इलाके में एकत्र हुए, जहां उन्होंने पाकिस्तान का स्वतंत्रता दिवस मनाया।

अंदराबी के फोन पर संबोधन ने खासा विवाद छेड़ दिया है और भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष जुगल किशोर ने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर कहा क‍ि ये राजद्रोह की घटनाएं हैं और इन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आसिया अंदराबी को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। मुझे उम्मीद है कि उन्हें अब तक गिरफ्तार कर उनके खिलाफ राजद्रोह का एक मामला दर्ज किया गया होगा।

कांग्रेस के प्रवक्ता आरपीएन सिंह ने मांग की कि देश के विरोध में काम करने वालों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जानी चाहिए। (भाषा)



अन्य समाचार