जमशेदपुर में दूसरे दिन भी हिंसा के बाद कर्फ्यू

झारखंड सरकार ने जमशेदपुर के मानगो में सोमवार को कथित रूप से एक लड़की से छेड़छाड़ के मामले में 2 समुदायों में हुई हिंसक झड़प की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और यह जांच कोल्हान के आयुक्त अरुण और जमशेदपुर के पुलिस उपमहानिरीक्षक आरके धान करेंगे।

एक सरकारी विज्ञप्ति में यहां बताया गया है कि मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सोमवार को जमशेदपुर में 2 समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प को बहुत गंभीरता से लिया है और इसकी निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। यह जांच 2 सदस्यीय एक उच्चस्तरीय समिति करेगी जिसका नेतृत्व कोल्हान क्षेत्र के आयुक्त अरुण करेंगे। समिति के दूसरे सदस्य जमशेदपुर क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक आरके धान होंगे। समिति को इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस बीच स्वयं मुख्यमंत्री और क्षेत्र के विधायक और संसदीय कार्य मंत्री सरयू राय ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। सोमवार को जमशेदपुर में एक लड़की से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस के कार्रवाई न करने के आरोप में एक समुदाय ने हंगामा कर दिया और थोड़ी ही देर में इस मामले ने 2 समुदायों में हिंसक झड़प का रूप ले लिया था। सोमवार को शाम जमशेदपुर के उपायुक्त अमिताभ कौशल ने स्थिति को संभालने के लिए मानगो इलाके में धारा 144 लागू कर दी थी। स्थिति न संभलने पर मंगलवार को वहां कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। (भाषा)



अन्य समाचार