इनका का दर्शन करने से लगेगा झूठा कलंक

ग़ाज़ीपुर। दबंग आवाज

चंडिकाधाम बहादुरगंज के मुख्य पुजारी राहुल महराज कहते हैं कि भगवान श्रीगणेश समस्त विघ्न और संकट दूर कर देते हैं। उन्हें बुद्धि, समृद्धि और सौभाग्य के देवता के रूप में पूजा जाता है। भगवान श्रीगणेश का जन्मोत्सव गणेश चतुर्थी के रूप में धूमधाम से मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन रात्रि में चन्द्रमा का दर्शन करने से झूठा कलंक लगता है।

भगवान श्रीकृष्ण ने भी इस दिन चंद्रमा का दर्शन कर लिया था, जिस कारण उन पर भी चोरी का झूठा आरोप लगा था। भगवान कृष्ण ने श्रीगणेश की पूजा कर इस आरोप से मुक्ति पाई थी। भगवान श्रीगणेश माता-पिता की परिक्रमा करने के कारण अग्रपूज्य हुए। सभी देवताओं ने उनकी स्तुति की पर चंद्रमा मुस्कुराता रहा।

उसे अपने सौंदर्य पर अभिमान था। यह देख क्रोध में आकर भगवान श्रीगणेश ने चंद्रमा को श्राप दे दिया तुम काले हो जाओगे। चंद्रमा को अपनी भूल का अहसास हुआ तो उन्होंने क्षमा मांगी। श्रीगणेश ने कहा कि सूर्य के प्रकाश से तुम्हें धीरे-धीरे अपना स्वरूप पुनः प्राप्त हो जाएगा, लेकिन भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी का यह दिन तुम्हें दंड देने के लिए हमेशा याद किया जाएगा। जो व्यक्ति इस दिन तुम्हारे दर्शन करेगा, उस पर चोरी का झूठा आरोप लगेगा।

इसीलिए भाद्रपद माह की शुक्ल चतुर्थी को चंद्र दर्शन नहीं किया जाता। गणेश चतुर्थी के दिन घर को साफ करें। गंगाजल का छिड़काव करें। रंगोली बनाएं और मुख्य दरवाजे पर सिंदूर से शुभ-लाभ लिखें। माना जाता है कि भगवान गणेश का जन्म मध्याह्न काल में हुआ था। इसीलिए मध्याह्न के समय को गणेश पूजा के लिए उपयुक्त माना जाता है।

यह भी जानें!श्रीगणेश को विघ्नहर्ता भी कहा जाता है

भगवान श्रीगणेश को विघ्नहर्ता कहा जाता है। उनकी आराधना से बिगड़े हुए कार्य भी बन जाते हैं। हर शुभ कार्य को आरंभ करने से पहले श्रीगणेश का ध्यान अवश्य करना चाहिए। माना जाता है कि हर प्रकार के वास्तु दोष को भगवान श्रीगणेश दूर कर देते हैं।  

मान्यता है कि जिस घर में भगवान श्रीगणेश की नियमित पूजा होती है वहां कभी कोई बाधा नहीं आती है। परिवार में संपन्नता बनी रहती है। भगवान श्रीगणेश की स्तुति से समस्त वास्तु दोषों का निदान हो जाता है। घर में सुख, शांति और समृद्धि के लिए सफेद रंग के विनायक की मूर्ति या चित्र लगाएं।

घर के मुख्य दरवाजे पर आम, पीपल और नीम से बनी गणेश जी की मूर्ति को लगाएं। ऐसा करने से घर में सदैव सकारात्मक ऊर्जा बनी रहेगी। घर में बैठे हुए गणेश जी तथा कार्यस्थल पर खड़े हुए गणेश जी का चित्र लगाना चाहिए, लेकिन ध्यान रखें कि भगवान श्रीगणेश के दोनों पैर जमीन का स्पर्श करते हुए हों।

श्रीगणेश के साथ मां लक्ष्मी की मूर्ति रखने से घर परिवार में धन और सौभाग्य का आगमन होता है। घर में चित्र लगाते समय ध्यान रखें कि चित्र में मोदक या लड्डू और चूहा अवश्य होना चाहिए। सिंदूरी रंग के गणपति की आराधना करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।



अन्य समाचार