दिल्ली में मासूमों से रेप, केजरीवाल ने पूछा PM और LG क्या कर रहे हैं...

नई दिल्ली। पिछले सप्ताह उत्तर-पश्चिम दिल्ली में 4 वर्षीय लड़की से दुष्कर्म के बाद शहर में 2 नाबालिगों से नृशंसतापूर्वक सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शहर में नाबालिगों के साथ लगातार ‘दुष्कर्म’ पर चिंता जाहिर की और पूछा कि प्रधानमंत्री और दिल्ली के उपराज्यपाल क्या कर रहे हैं।

पश्चिम दिल्ली के निहाल विहार इलाके में शुक्रवार को ढाई वर्षीय एक लड़की से बलात्कार किया गया और पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार इलाके में 5 वर्षीय एक बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म करने वाले 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

दक्षिण दिल्ली के निहाल विहार इलाके में शुक्रवार रात बाइक पर सवार दो लोगों ने ढाई वर्षीय एक लड़की को अगवा कर लिया और उससे कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। स्थानीय लोगों ने लड़की को एक पार्क में खून से लथपथ पाया। उसे संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार हो रहा है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आईपीसी और पोक्सो कानून की विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला दर्ज कर लिया गया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।

दूसरी घटना में 3 लोगों ने नशे में शुक्रवार शाम पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार में 5 वर्षीय एक लड़की से सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। बच्ची की चीख-पुकार के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी प्रकाश, रेवती और सीताराम को पकड़ लिया। आरोपियों की पिटाई करने के बाद तीनों को पुलिस को सौंप दिया गया।

मामले को खौफनाक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नाबालिगों के साथ लगातार दुष्कर्म की घटनाएं शर्मनाक और चिंताजनक हैं। दिल्ली पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने में पूरी तरह असफल रही है। प्रधानमंत्री और उपराज्यपाल क्या कर रहे हैं?

उन्होंने ट्वीट किया कि मैं दुष्कर्म पीड़िताओं से मिलने के लिए अस्पताल जा रहा हूं। अस्पतालों में पीड़िताओं को देखने गई दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने घटनाओं को पूरी तरह से ‘घृणित’ और ‘शर्मनाक’ बताया।



अन्य समाचार